पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल भगदड़ में जान गंवाने वाले मुजफ्फरपुर के पिता-पुत्र के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है।
कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी पिता-पुत्र के परिवार को बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है।
एक ही परिवार के इन दोनों सदस्यों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री व उत्तर हावड़ा से विधायक उमेश राय को शुक्रवार को विशेष रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर में उनके घर भेजकर 25-25 लाख रुपये के दो चेक स्वजनों को सौंपवाए।
इस दौरान मंत्री ने पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री से वीडियो कॉल के जरिये बातचीत भी कराई। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात कर एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की पहल करने का भी भरोसा दिया।
बता दें 17 अक्टूबर को कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई भगदड़ में कुल 19 लोगों की जान गई थी और 25 लोग घायल हो गए थे। इनमें बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी एक ही परिवार के पिता और पुत्र (अभिषेक श्रीवास्तव और उनके पुत्र आयन कुमार श्रीवास्तव) भी शामिल थे।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के 17 मृतकों के परिवार से विभिन्न जिलों में जाकर स्वयं मुलाकात कर 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया था। बिहार के पीड़ित परिवार तक भी सहायता पहुंचाने के लिए उन्होंने मंत्री उमेश राय को मुजफ्फरपुर भेजने की हाल में घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री उमेश राय ने मुजफ्फरपुर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और मृतक अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी निभा कुमारी को मुख्यमंत्री (राज्य सरकार) की ओर से भेजे गए 25-25 लाख रुपये के दोनों चेक सौंपे। इस तरह परिवार को कुल 50 लाख रुपये की सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल पर जताई संवेदना
इस दौरान मंत्री उमेश राय ने पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री से वीडियो काल पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने स्वजनों से बातचीत में उनके दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया



