बच्चों ने ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रकृति संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए. डाक विभाग ने पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा दिया.
साहिबगंज. मिर्जाचौकी डाक विभाग के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव संतोष कुमार रजक के नेतृत्व में शुक्रवार को आरडी पब्लिक स्कूल, शाहाबाद, मिर्जाचौकी में राष्ट्रीय स्तर की पत्र लेखन प्रतियोगिता ‘ढाई आखर’ का आयोजन किया गया. इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एक चिट्ठी धरती मां के नाम-प्रकृति की रक्षा मेरा वादा है’ रखा गया है.
बच्चों ने पत्रों में व्यक्त किया प्रकृति प्रेम
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. बच्चों ने अपने पत्रों के माध्यम से धरती मां के प्रति प्रेम, स्नेह और सम्मान व्यक्त किया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति की सुरक्षा तथा धरती को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के प्रति अपने विचार और संकल्प प्रस्तुत किये.
पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा देना उद्देश्य
संतोष कुमार रजक ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पत्र लेखन की विलुप्त होती परंपरा को पुनर्जीवित करना और डाक विभाग की गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. कार्यक्रम के दौरान बच्चों और शिक्षकों को डाक विभाग की विभिन्न बचत एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी भी दी गयी.
डाक विभाग की योजनाओं से कराया अवगत
इस दौरान पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट, रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी), डेली डिपॉजिट, डाक जीवन बीमा (पीएलआई), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया. साथ ही आईपीपीबी की डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं और आधुनिक सुरक्षा प्रणाली की जानकारी दी गयी.
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

कार्यक्रम में मोबाइल फोन के माध्यम से बढ़ते साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी ठगी के जोखिमों के प्रति भी जागरूक किया गया. बच्चों और शिक्षकों को सलाह दी गयी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंकिंग पासवर्ड या निजी जानकारी साझा न करें तथा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें. सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने और साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की गयी.
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा.



