बरहरवा/साहिबगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा की ओर से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित प्रखंड क्षेत्र के पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए गुरुवार को रिम्स, रांची भेजा गया। बच्चों और उनके परिजनों को रांची ले जाने के लिए सीएचसी की ओर से वाहन की व्यवस्था की गई थी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को उनके माता-पिता के साथ रवाना किया।
डॉ. सरिता टुडू ने बताया कि डॉ. अखिलेश कुमार महतो के नेतृत्व में पांचों बच्चों को उनके परिजनों के साथ रांची भेजा गया है। इनमें कार्तिक कुमार, सेफा खातून, तेंजारा खातून, एकशाना खातून और अनिशा खातून शामिल हैं। इन सभी बच्चों की 30 अक्टूबर 2026 को रिम्स, रांची में जांच की जाएगी। इसके बाद चिकित्सकों की देखरेख में आवश्यक इलाज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें समय पर जांच और उचित उपचार मिल सके। इस मौके पर बीपीएम संजय कुमार सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



