मिर्जाचौकी में ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता के विजेताओं को भारतीय डाक विभाग ने पुरस्कार व प्रमाण-पत्र वितरित किए. रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन सफल रहा.
साहिबगंज : मिर्जाचौकी स्थित हिमालयन एकेडमी में भारतीय डाक विभाग की ओर से आयोजित ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता के विजेताओं के बीच पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित किये गये. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गये

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में मिल्टन टिफिन बॉक्स, द्वितीय पुरस्कार के रूप में प्रोजेक्ट पेपर और गिफ्ट पैकेज तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में नेचराइज कंपनी का कंपास दिया गया. इसके अलावा टॉप-10 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना उद्देश्य
कार्यक्रम का संचालन हिमालयन एकेडमी के कपूर कुमार और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव संतोष कुमार रजक ने किया. संतोष कुमार रजक ने बताया कि भारतीय डाक विभाग ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कार देने का वादा किया था. इसी के तहत विद्यार्थियों के बीच पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित किये गये.
विद्यार्थियों द्वारा हाथों से बनायी गयी राखियों की भारतीय डाक विभाग ने सराहना की. इस पहल का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनमें डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भारतीय डाक विभाग के साथ उनका जुड़ाव मजबूत करने का है.



