प्रशासन ने राजमहल के सरस्वती शिशु मंदिर की 13 बिंदुओं पर गहन जांच की. शिक्षा, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया गया. रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
राजमहल। निजी विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति परखने के लिए प्रशासन ने निरीक्षण शुरू कर दिया है. इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे के निर्देश पर राजमहल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की जांच की गयी. जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा के नेतृत्व में पहुंची छह सदस्यीय टीम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
साफ-सफाई से सुरक्षा तक की जांच
निरीक्षण के दौरान टीम ने 13 बिंदुओं पर विद्यालय का आकलन किया. इसमें साफ-सफाई, स्वच्छता, शिक्षकों की उपलब्धता, शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के प्रावधानों का अनुपालन, परिसर की सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच की गयी. टीम ने यह भी देखा कि विद्यालय में निर्धारित सरकारी मानकों का पालन किस हद तक किया जा रहा है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी कुणाल किशोर ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है. इसका उद्देश्य पढ़ाई की व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा मानकों की स्थिति का आकलन करना है. निरीक्षण पूरा होने के बाद रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपी जायेगी. रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
निरीक्षण टीम में जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी कुणाल किशोर, राजमहल थाना की एसआइ पूजा कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका निशिया कुमारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कैलाश वर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल थे.



