पेसा कानून, जल-जंगल-जमीन और खनिज संसाधनों पर स्थानीय समुदाय के हक को लेकर एकजुटता पर जोर
बोरियो। मांझी परगना सरदार संघ की ओर से ग्राम प्रधान सुना हांसदा की अध्यक्षता में बोरियो प्रखंड कार्यालय के समीप बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए ग्राम प्रधानों ने हिस्सा लिया। बैठक में ग्रामसभा के अधिकार, मांझी परगना व्यवस्था, पेसा कानून तथा जल-जंगल-जमीन और खनिज संसाधनों पर स्थानीय समुदाय के अधिकारों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि ग्रामीणों को अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आना होगा। ग्रामसभा को सशक्त बनाने और स्थानीय स्तर पर उसकी भूमिका को प्रभावी करने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने पारंपरिक व्यवस्था और ग्रामसभा के अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने की आवश्यकता जताई।
हर माह होगी मासिक समीक्षा बैठक :
बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रामसभा से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह प्रखंड कार्यालय परिसर में मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विभिन्न पंचायतों के ग्राम प्रधान आपसी समन्वय के साथ समस्याओं पर चर्चा करेंगे। मौके पर सुना हांसदा, सलहाय हांसदा, पाकु टुडू, प्रधान मरांडी, जॉर्ज मरांडी, बाजी मुर्मू, राम सोरेन, फादर टॉम विजय मरांडी सहित अन्य लोग मौजूद थे।



