भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जोरार तेतरी टोली स्थित लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड के घटनास्थल का दौरा किया। स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना के तथ्यों की जानकारी जुटाई गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित तेतरी टोली पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड के घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटायी. प्रतिनिधिमंडल में एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर और भाजपा रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष धीरज महतो शामिल थे.
प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद स्थानीय लोगों से बातचीत की और हत्या से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली.
किचन में खून से लथपथ मिला था शव
नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली स्थित घर में लक्ष्मीकांत मुंडा का शव किचन में खून से लथपथ मिला था. घटना की सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी.
जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और हार्ड डिस्क गायब मिले थे. पुलिस इस बिंदु को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है.
राजस्व कर्मचारियों में आक्रोश, आंदोलन का ऐलान
लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में राज्य के राजस्व उप निरीक्षकों में भी आक्रोश है. हजारीबाग में राजस्व उप निरीक्षकों ने कैंडल मार्च निकालकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. इससे पहले संघ के प्रतिनिधियों ने सदर एसडीओ और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी.
संघ ने घोषणा की है कि 28 अक्टूबर को राज्य के सभी जिलों में राजस्व उप निरीक्षक काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. वहीं, 29 अक्टूबर को सभी राजस्व उप निरीक्षक कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे. कर्मचारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.



