दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग, गुरुवार को कलमबद्ध हड़ताल करेंगे कर्मचारी
बरहरवा/साहिबगंज। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मुंडा की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में बुधवार को बरहरवा अंचल के राजस्व कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर कार्य किया। कर्मचारियों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और राजस्व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
राजस्व कर्मचारी उमेश मंडल ने कहा कि लक्ष्मी नारायण मुंडा की गोली मारकर हत्या किया जाना बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। इस घटना से राजस्व कर्मचारियों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि वे बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में गुरुवार को भी राजस्व कर्मचारी कलमबद्ध हड़ताल करेंगे। कर्मचारियों ने मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इस दौरान अंचल निरीक्षक जितेंद्र टुडू, राजस्व कर्मचारी संजय गुप्ता, जयंतो पासवान, ऋषितोष झा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।



