जमशेदपुर बैंक डकैती केस में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से इनाम की घोषणा की गई है.
जमशेदपुरः जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र स्थित केनरा बैंक डकैती मामले में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अब सोशल नेटवर्क का सहारा ले रही है. पुलिस द्वारा एक वीडियो जारी किया गया है. जिसमें नाम के साथ इनाम राशि की घोषणा की गई है.
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मस्जिद लाइन स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है. लगातार छापेमारी के बावजूद अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं. अब बैंक डकैतों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दूसरी योजना पर काम करना शुरू किया है.24 सितंबर को हुई थी वारदात
आपको बता दें कि 24 सितंबर 2026 को दिन दहाड़े पांच डकैतों ने बंदूक के बल पर बैंककर्मियों को बंधक बनाकर 43 लाख नगद और लगभग 33 करोड़ का सोना लूट कर फरार हो गए थे. घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में सभी डकैतों का चेहरा साफ दिखा, लेकिन पुलिस की पकड़ से पांचों बाहर हैं. पुलिस अनुसंधान में पता चला कि पश्चिम बंगाल के रानीगंज का रहने वाला अमन सिंह अपने चार साथी अक्षय कुमार, प्रियदर्शी यादव, ऋतिक कुमार और एक अन्य इस वारदात में शामिल थे.

बैंक में हथियार के बल पर लूटपाट करते बदमाश. (फोटो-सौ. जमशेदपुर पुलिस)
पुलिस की ओर से जारी किया गया वीडियो
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. पुलिस द्वारा सोशल साइट पर चारों बैंक डकैतों के नाम के साथ फोटो वाला एक शार्ट वीडियो जारी किया गया है. जिसमें घटना में शामिल पांच फरार अज्ञात अपराधियों के सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं.

बैंक डकैती कांड को अंजाम देने बाद बाइक से भागते बदमाश. (फोटो-सौ. जमशेदपुर पुलिस)
जमशेदपुर के सिटी एसपी ने की पुष्टि
इस संबंध में जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान की गई है. सभी पांचों फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी पर दो-दो लाख रुपये इनाम की घोषणा की गई है. ये सभी आरोपी बेहद शातिर किस्म के हैं और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि इन अपराधियों के बारे में कोई भी सुराग या जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस के आधिकारिक नंबरों पर संपर्क करें. सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी.

बैंक में हथियार के बल पर लूटपाट करते बदमाश. (फोटो-सौ. जमशेदपुर पुलिस)



