भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.
गिरिडीह: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. आदित्य साहू ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को देश विरोधी शक्ति करार दिया है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस को राष्ट्र विरोधी भी बताया.
गिरिडीह में पत्रकारों से बात करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि एसआईआर में अवैध रूप से रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया चल रही है और इसी वजह से कांग्रेस व झामुमो इसका विरोध कर रहे हैं. आदित्य साहू ने दावा किया कि ऐसे लोग इन दलों के वोटर हैं, इसलिए दोनों पार्टियां परेशान हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि देश विरोधी तत्व अलग-अलग मुद्दों को उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए झामुमो पर निशाना साधा और सवाल उठाया कि इस मामले में अब तक FIR क्यों नहीं दर्ज की गई.
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि गिरिडीह में झामुमो से जुड़े लोगों ने छात्रों की पिटाई की थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.
गिरिडीह में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि इस बार गिरिडीह में कमल खिलेगा और जनता भाजपा को चुनकर विधानसभा भेजेगी. उनके इस बयान के बाद गिरिडीह की सियासत में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने के संकेत हैं.



