पेट्रोल पंप डीलरों के बकाया भुगतान और खाद की कीमत का मामला भी उठाया
साहिबगंज। संवाददाता। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक में संथाल परगना प्रमंडल क्षेत्र के उपाध्यक्ष आकाश पांडेय ने साहिबगंज समेत संथाल परगना के प्रमुख व्यापारिक मुद्दों को उठाया।
खासमहल कानून को विकास में बाधा बताया :
पांडेय ने खासमहल व्यवस्था को पुराना कानून बताते हुए फेडरेशन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और राज्य सरकार के साथ वार्ता कर समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि खासमहल व्यवस्था के कारण क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान सरकारी वाहनों व जेनरेटर में उपयोग पेट्रोल-डीजल की करीब 30-36 लाख रुपये की बकाया राशि का भुगतान कराने का मुद्दा भी उठाया।
खाद की कीमत और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा :
बरहेट के खुदरा खाद विक्रेताओं की समस्या उठाते हुए उन्होंने कहा कि यूरिया की निर्धारित कीमत और थोक विक्रेताओं द्वारा खुदरा दुकानदारों को दी जा रही कीमत में अंतर है। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को जाम से राहत मिल सके।



