उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिलने पर महिलाओं ने की शिकायत
साहिबगंज। संवाददाता। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को साहिबगंज अंचल कार्यालय परिसर में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। जिला अध्यक्ष गौतम यादव एवं महिला जिला अध्यक्ष सह जिला उपाध्यक्ष गरिमा साह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों से आवेदन भरवाए गए।
आयुष्मान, आवास और उज्ज्वला के आवेदन :
शिविर में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के आवेदन लिए गए। मुख्य अतिथि सह संयोजक गणेश प्रसाद तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गैस एजेंसी से नकारात्मक जवाब का आरोप :
कई महिलाओं ने उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। उनका आरोप था कि लाभार्थी होने के बावजूद गैस कनेक्शन नहीं मिला और एजेंसी से संपर्क करने पर नकारात्मक जवाब दिया गया। जिला अध्यक्ष गौतम यादव ने एजेंसी से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त और पार्टी के वरीय पदाधिकारियों से की जाएगी। महिला अध्यक्ष गरिमा साह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।



