28 वार्डों में होगा लाइट वितरण, श्मशान घाट पर मनमानी शुल्क वसूली पर रोक, मनमानी करने पर होगी कार्रवाई
विकास योजनाओं को समय सीमा में पूरा करने, सड़क मरम्मती और शहर की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
फोटो कैप्शन: बोर्ड की बैठक में शामिल अध्यक्ष, प्रशासक समेत सभी वार्ड पार्षद
साहिबगंज। संवाददाता। नगर परिषद बोर्ड की बैठक नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई, रोशनी, सड़क मरम्मती और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सिटी मैनेजर, सभी वार्डों के वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शहर की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती को लेकर भी चर्चा हुई और आवश्यक स्थानों को चिह्नित कर मरम्मती कार्य कराने पर जोर दिया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति देना और आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने, सड़कों की मरम्मती, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
हर वार्ड में 100 लाइटों का वितरण, जलजमाव पर भी चर्चा :
शहर में बेहतर रोशनी की व्यवस्था के लिए प्रत्येक वार्ड में 100 लाइटों का वितरण करने पर चर्चा हुई। वहीं बारिश के बाद जलजमाव और उससे उत्पन्न दुर्गंध की समस्या को देखते हुए साफ-सफाई तथा ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।
श्मशान घाट पर मनमानी शुल्क वसूली पर रोक :
बैठक में श्मशान घाट से जुड़े मामले को भी गंभीरता से लिया गया। बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया कि नगर परिषद की ओर से श्मशान घाट पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से कुछ देता है तो अलग बात है, लेकिन किसी से मनमाने तरीके से राशि मांगने या वसूली करने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथ और हटिया को व्यवस्थित करने पर जोर :
शहर में साप्ताहिक हटिया, सड़क किनारे और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। खुले में संचालित मांस-मछली की दुकानों को भी व्यवस्थित करने की बात कही गई।



