धनबाद में आउटसोर्सिंग मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी और सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप. बैकवर्ड क्लास ओबीसी कोल इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने आवाज उठाई.
धनबाद. बैकवर्ड क्लास ओबीसी कोल इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के डिगवाडीह स्थित जिला कार्यालय में बुधवार को बैठक सह परिचर्चा आयोजित की गयी. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मदन राम मौजूद थे. अध्यक्षता रामनाथ गोप ने की, जबकि संचालन दयाराम यादव ने किया.
आउटसोर्सिंग मजदूरों को नहीं मिल रहा हक
मुख्य अतिथि मदन राम ने कहा कि बीसीसीएल, सेल, रेलवे और विभिन्न अस्पतालों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रमिकों से काम लिया जा रहा है. उनका आरोप है कि इन श्रमिकों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और अन्य सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है. संगठन इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठायेगा.
असंगठित मजदूरों को अधिकार दिलाने की बात
मदन राम ने कहा कि असंगठित मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रमिक अपने हक और सम्मान से वंचित हैं.
उन्होंने कहा कि बैकवर्ड क्लास ओबीसी कोल इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन मजदूरों के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा. श्रमिकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके हक के लिए प्रयास किया जायेगा.
श्रमिकों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. संगठन के पदाधिकारियों ने श्रमिकों के योगदान की सराहना की.
मौके पर उचित महतो, रामदेव प्रसाद, सुबोध वर्मा, मनीष सिंह, चंदन कुमार, गोपी ठाकुर, इबरार अंसारी, मो. इम्तियाज, गौतम कुमार, फागु रवानी, मो. जसीम, किशोर रवानी, भगवान सिंह, दीपक कुमार यादव समेत संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे.



