बरहरवा/साहिबगंज: विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत बुधवार को कुशवाहा टोला स्थित मौर्य एजुकेशन सेंटर में विकसित भारत ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माय भारत की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका प्रियंका कुमारी ने किया। क्विज में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व नगर उपाध्यक्ष सह कोचिंग संचालक लोकेश कुशवाहा मौजूद रहे। इस दौरान एनवाईवी प्रियंका कुमारी ने छात्र-छात्राओं को क्विज की प्रक्रिया, पंजीकरण और प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि क्विज के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी सोच और विचार रखने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है।
क्विज में देश, इतिहास, विज्ञान, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं और विकसित भारत से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे गए। छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए।
पूर्व नगर उपाध्यक्ष लोकेश कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और प्रतियोगी भावना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में मौर्य एजुकेशन सेंटर के दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



