साहिबगंज। मालदा रेल मंडल के साहिबगंज–बरहरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। स्थिति को देखते हुए डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन प्रभावित है। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार 63073 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू, 63406 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू, 63074 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू तथा 13428 साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस की निर्धारित यात्राएं रद्द की गई हैं।
वहीं, 13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस, 13404 भागलपुर–रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर–दुमका–रामपुरहाट के रास्ते डायवर्ट किया गया है। 15657 ब्रह्मपुत्र मेल और 15744 फरक्का एक्सप्रेस को जमालपुर–मुंगेर–कटिहार मार्ग से चलाया गया है। इसके अलावा 03030 नटेसर–हावड़ा स्पेशल को किऊल–झाझा–आसनसोल–खाना के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
साहिबगंज स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी :

ट्रेनों के रद्द एवं डायवर्ट होने की सूचना के बाद साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुट गई। अचानक रेल परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री ट्रेनों की स्थिति और आगे की यात्रा को लेकर जानकारी लेते नजर आए। इसके अलावा 53408 जमालपुर–रामपुरहाट पैसेंजर और 13410 किऊल–मालदा टाउन एक्सप्रेस साहिबगंज में ही समाप्त की जाएगी। रेलवे की ओर से यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।
रेल प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, कटाव वाले हिस्सों में मालगाड़ियों के माध्यम से गिट्टी और डस्ट पहुंचाकर पटरी के किनारे डाला जा रहा है, ताकि मिट्टी के कटाव को नियंत्रित किया जा सके और रेल लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। रेलकर्मी प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।



