साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ. रामदेव पासवान एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन मुर्मू के मार्गदर्शन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेटों तथा मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत एक्सल डाटा सर्विसेज के प्रशिक्षकों व प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है, उसी तरह जीवन बचाने के लिए रक्तदान भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संग्रहित रक्त गंभीर मरीजों, थैलेसीमिया और एनीमिया से पीड़ित लोगों के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने युवाओं से पात्र लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अब तक 19 बार रक्तदान कर चुके हैं।
शिविर में शालिनी कुमारी, नितेश कुमार यादव, अनुज कुमार, गणेश कुमार, अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया। मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं एनसीसी-एनएसएस से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।



