बरहेट/साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र से करीब 16 किलोमीटर दूर खड़गदोनी गांव के समीप मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो पर सवार आठ लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। सभी घायल छोटा सीन्नी गांव के आदिम जनजाति समुदाय से बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में घायल 31 वर्षीय मंगला पहाड़िया, निवासी छोटा सीन्नी, ने बताया कि करीब 20 लोग एक टेंपो पर सवार होकर छोटा सीन्नी से सीमड़ा गांव जा रहे थे। इसी दौरान खड़गदोनी पहाड़ की ढलान पर पहुंचते ही टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए।

हादसे में घायल लोगों में नया साल पहाड़िया (25), चुलो पहाड़िया (30), छोटा दुखिया पहाड़िया (50), चांदी पहाड़ीन (20), व्यापारी पहाड़िया (28), शुक्ररा पहाड़िया (40) और सुखली पहाड़ीन (40) शामिल हैं। वहीं, 55 वर्षीय डमरू सूरजा पहाड़िया की हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. संतोष टुडू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद डमरू सूरजा पहाड़िया को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



