Kodarma Court Verdict: झुमरी तिलैया के संजय सिंह हत्याकांड में कोडरमा कोर्ट ने आज मंगलवार को अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने हत्याकांड के तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई, साथ ही जुर्माना भी लगाया।
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया के बहुचर्चित संजय सिंह हत्याकांड में मंगलवार को कोर्ट ने सजा सुनाई। 2023 में रास्ते के लिए ढाई फीट जमीन के विवाद में संजय सिंह की हत्या कर दी गई थी। इसमें कोर्ट ने तीन दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही कोर्ट ने कुल 75 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
कोर्ट ने किन-किन दोषियों को सुनाई आजीवन कारावास की सजा
कोडरमा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा की अदालत ने मंगलवार को तीन आरोपियों राज कपूर, पिता- कैलाश प्रसाद यादव, प्रेम कपूर पिता कैलाश प्रसाद यादव, मास्टर मोहल्ला, गांधी स्कूल, झुमरी तिलैया, कोडरमा, और उनके फुफेरे भाई सोनू कुमार यादव को 302 आईपीसी के तहत दोषी पाते हुए सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना की राशि नहीं देने पर तीन माह अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।मामले में 16 लोगों की हुई गवाही
मामला वर्ष 2023 का है। इसे लेकर संगीता देवी ने तिलैया थाना में थाना कांड संख्या 289 /2023 दर्ज कराया गया था। अभियोजन का संचालक लोक अभियोजक प्रवीण कुमार सिंह ने किया। इस दौरान सभी 16 गवाहों की गवाही कराई गई। कार्रवाई के दौरान अपराध की गंभीरता को देखते हुए लोक अभियोजक ने न्यायालय से अभियुक्त को अधिक से अधिक सजा देने का आग्रह किया।
वहीं सूचक पक्ष की ओर से अधिवक्ता अरुण कुमार व बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनवर हुसैन ने दलीलें पेश की। अदालत ने सभी गवाहों और साक्षयो का अवलोकन करने के बाद अभियुक्तों को 302, आईपीसी के तहत दोषी पाते हुए, सश्रम आजीवन कारावास की सजा मुकर्रर की और जुर्माना लगाया। बताते चलें कि न्यायालय ने 26 सितंबर को तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया था।क्या है संजय सिंह हत्याकांड का मामला?
यह मामला 14 दिसंबर 2023 का है गांधी स्कूल रोड के मास्टर मोहल्ला निवासी संजय सिंह पिता गीता प्रसाद सिंह के साथ ढाई फीट रास्ते की जमीन को लेकर आरोपियों का विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपियों ने संजय सिंह के सर पर रॉड से वार किया था। इससे संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल संजय सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर किया था। वहां संजय सिंह की इलाज के दौरान 20 दिसंबर 2023 को मौत हो गई थी। संजय की मौत के बाद मामला हत्या में बदल गया। यह कोडरमा जिले में काफी चर्चित रहा था।



