दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में अधोसंरचना विकास और ट्रैक नवीनीकरण का काम होगा। इसके लिए 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक हर मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह काम सीनी-राजखरसावां सेक्शन पर टीआरटी मशीन से किया जाएगा।
इस दौरान कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि कुछ को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110), नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस (12767/12768) और संतरागाछी-पुणे हमसफर एक्सप्रेस (20822/20821) शामिल हैं। ये ट्रेनें ब्लॉक की निर्धारित तारीखों पर रद्द रहेंगी।
वहीं, 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक होकर पुरी जाएगी। 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस कांद्रा-सीनी होकर दुर्ग जाएगी और टाटानगर व गम्हरिया स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यात्रियों से अपील है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी ले लें।
हटिया से बेंगलुरु और मुंबई के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

इधर, दुर्गापूजा और त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हटिया से एसएमवीटी बेंगलुरु और एलटीटी मुंबई के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है।
दोनों स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर से नवंबर तक निर्धारित दिनों में होगा। 08637 हटिया- एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को हटिया से सुबह 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:45 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में 08638 एसएमवीटी बेंगलुरु-हटिया स्पेशल 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 12:30 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:30 बजे हटिया पहुंचेगी।
हटिया- मुंबई स्पेशल हर सोमवार को चलेगी : 08609 हटिया- एलटीटी मुंबई स्पेशल 12 से 26 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार को शाम 4:20 बजे हटिया से रवाना होगी और अगले दिन रात 9:50 बजे एलटीटी मुंबई पहुंचेगी। वापसी में 08610 एलटीटी मुंबई- हटिया स्पेशल 13 से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार को रात 10:55 बजे मुंबई से चलेगी।
साहिबगंज में गंगा नदी के तटबंध में कटाव से वनांचल का मार्ग बदला

वहीं, साहिबगंज में गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण धनबाद होकर चलने वाली वनांचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए। रांची जाने वाली 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस मंगलवार को भागलपुर से रामपुरहाट के बीच परिवर्तित मार्ग से चलाई गई।
बुधवार को निर्धारित मार्ग के बदले भागलपुर से बरहेट, मंदारहिल, हंसडीहा, नोनिहाट, दुमका, शिकारीपाड़ा होकर धनबाद आएगी। पूर्व रेल के सीपीआरओ शिबराम मांझी ने बताया कि साहिबगंज-बरहड़वा रेल मार्ग पर सकरी गली और महाराजपुर स्टेशन के बीच गंगा नदी का पानी रेलवे ट्रैक के काफी नजदीक आ गया है।



