साहिबगंज। जिले के निवासी एवं पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन में टेक्नीशियन-II (एसी) के पद पर कार्यरत कन्हाई मंडल को वर्ष 2024-25 के दौरान संगठन के प्रति असाधारण निष्ठा, कड़ी मेहनत और उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व रेलवे की ओर से ‘श्रेष्ठता प्रमाणपत्र’ प्रदान कर सम्मानित किया गया है।
कन्हाई मंडल को यह सम्मान 28 सितंबर 2026 को मालदा में प्रदान किया गया। सम्मान प्रमाणपत्र में उनके कार्य के प्रति समर्पण, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई है। प्रमाणपत्र में उनके योगदान को संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया गया है।
प्रमाणपत्र पर प्रधान मुख्य बिजली अभियंता देवेंद्र कुमार के हस्ताक्षर हैं। यह सम्मान उनके कार्य के प्रति जिम्मेदारी और निरंतर बेहतर प्रदर्शन को रेखांकित करता है।
कन्हाई मंडल को मिले इस सम्मान की खबर से साहिबगंज जिले के सहकर्मियों, परिचितों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
साहिबगंज के लिए गौरव का क्षण :

पूर्व रेलवे जैसे महत्वपूर्ण संगठन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होना कन्हाई मंडल के साथ-साथ साहिबगंज जिले के लिए भी गौरव की बात है। उनके इस सम्मान से क्षेत्र के अन्य कर्मचारियों और युवाओं को भी अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।



