Bihar Police Social Media SOP Action: पश्चिम चंपारण के साठी थाना में तैनात महिला सिपाही वीणा कुमारी को सरकारी हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bihar Police Female Constable Suspended: जिले के साठी थाना में तैनात महिला सिपाही वीणा कुमारी को सरकारी हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाना भारी पड़ गया है।
इंटरनेट पर वीडियो प्रसारित होने के बाद एसएसपी कुमार गौतम ने संज्ञान लेते हुए महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के भी कड़े आदेश दिए गए हैं।
डीएसपी ने की जांच
मीडिया सेल प्रभारी विश्व मोहन चौधरी ने बताया कि 26 सितंबर को सिपाही का सिविल ड्रेस में सरकारी हथियार के साथ रील वीडियो वायरल हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर इसकी विभागीय जांच यातायात डीएसपी अतनु दत्ता से कराई गई। जांच में पाया गया कि महिला सिपाही ने पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सोशल मीडिया एसओपी का स्पष्ट उल्लंघन किया है।
औरंगाबाद की निवासी सिपाही
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करा दी है। मूल रूप से औरंगाबाद की रहने वाली वीणा कुमारी वर्ष 2025 से साठी थाना में पदस्थापित थीं। इससे पूर्व भी वर्दी में बनाए गए उनके कुछ रील वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो चुके थे।
नियमों के पालन का निर्देश
एसएसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को इंटरनेट मीडिया उपयोग से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी प्लेटफॉर्म पर लापरवाही मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



