मुजफ्फरपुर में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाली नोटों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। 10 लाख से अधिक मूल्य के जाली नोट, वाहन और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर। जाली नोटों का कारोबार करने वाले गिरोह के खिलाफ मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई हुई है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोतीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छह संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से जाली भारतीय मुद्रा के साथ बड़ी संख्या में नोट, मोबाइल और चारपहिया वाहन बरामद किया गया है। बरामद नोटों की कुल राशि 10 लाख सात हजार 600 रुपये बताई गई है।
छापेमारी में छह दबोचे गए
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मोतिहारी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मो. साबिर, भीखनपुर सैफ थाना मनियारी; सुरेश राय, चरंगा थाना तुरकौलिया; कृष्णा पटेल, हेमंत छपरा थाना कोटवा; राहुल सिंह, कोटवा; साधु साहनी, बरहरवा थाना कोटवा और बीरेंद्र पासवान, चिउटाहा थाना कोटवा शामिल हैं। सभी मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
जाली मुद्रा और वाहन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 71,200 रुपये की जाली भारतीय मुद्रा बरामद की। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन और छह मोबाइल भी जब्त किए गए। बरामद सामान की जांच के आधार पर पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
500 से 100 रुपये तक के नोट
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा हुआ नोट भी शामिल है। इसमें 500 रुपये के 1,311 नोट, 200 रुपये के 1,184 नोट और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं। इन नोटों का कुल अंकित मूल्य 10,07,600 रुपये बताया गया है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर जाली नोट के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों के पूर्व के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।



