चतरा)। थाना क्षेत्र के गेरुआ पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़हीबिगहा के आठवीं कक्षा के छात्र 14 वर्षीय राकेश कुमार यादव की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। मृतक राकेश यादव विजय यादव का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार, राकेश शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह विद्यालय पढ़ने पहुंचा था। प्रार्थना के बाद उसने अपना बस्ता कक्षा में रखा। इसके बाद वह विद्यालय की चारदीवारी फांदकर गांव के कुछ दोस्तों के साथ चला गया। बताया जाता है कि सभी एक कुएं में नहाने गए थे। नहाने के दौरान राकेश गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद राकेश को कुएं से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हंटरगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद पुलिस विद्यालय पहुंची और शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय में मौजूद छात्रों से भी पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि राकेश प्रार्थना के बाद विद्यालय की चारदीवारी फांदकर बाहर चला गया था। इधर, घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



