बोरियो। संवाददाता। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। बोरियो बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कथित तौर पर सूखे नशे के बढ़ते प्रचलन ने नई पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। डेंड्राइट, सॉल्यूशन, गांजा, स्मैक, ड्रग्स और ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों की उपलब्धता युवाओं के लिए खतरे की घंटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ युवा पैसों के लालच में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ रहे हैं। आरोप है कि आसपास के दूसरे क्षेत्रों से नशीले पदार्थ बोरियो तक पहुंचाकर कम उम्र के युवाओं के बीच खपाए जा रहे हैं। नशे की लत लगने के बाद कई युवा इसकी पूर्ति के लिए चोरी, जेबमारी और मोबाइल छिनतई जैसे छोटे अपराधों की ओर भी बढ़ रहे हैं।
अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत:
स्थानीय युवाओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि क्षेत्र में कई युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य खराब कर चुके हैं। ऐसे में 14 से 20 वर्ष की उम्र के किशोरों और युवाओं के अभिभावकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। बच्चों की गतिविधियों, संगत और व्यवहार में होने वाले बदलाव पर नजर रखना जरूरी है।
पुलिस कार्रवाई से जगी उम्मीद:
हाल के दिनों में साहिबगंज जिले की रांगा थाना पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक के लिए लगातार अभियान चलाने के साथ युवाओं में जागरूकता फैलाने की भी जरूरत है।



