सैकड़ों ग्रामीणों ने पूर्व विधायक से लगाई गुहार, उपायुक्त के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
साहिबगंज। संवाददाता। सदर प्रखंड के लालबथानी-मखमलपुर उत्तर स्थित कारगिल दियारा में तेजी से हो रहे गंगा कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को दियारा क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण राजमहल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अनंत ओझा के आवासीय कार्यालय पहुंचे और उन्हें कटाव की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने जल्द कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की।
विधायक ने दियारावासियों के साथ अंचलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन:

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद पूर्व विधायक ने ग्रामीणों के साथ उपायुक्त के नाम सदर बीडीओ सह सीओ बासुकीनाथ टुडू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि गंगा के लगातार कटाव से कई घर और सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है। यदि समय रहते कटाव पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ी आबादी के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो सकता है।
खेत और घर गंवा चुके लोगों के पुनर्वास की मांग:
ग्रामीणों ने कहा कि कटाव के कारण उनकी आजीविका का मुख्य साधन कृषि भूमि भी लगातार खत्म हो रही है। ऐसे में प्रशासन तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराकर ग्रामीणों को राहत दे। साथ ही जिन परिवारों की जमीन कटाव में चली गई है, उन्हें जमीन उपलब्ध कराकर पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
पूर्व विधायक अनंत ओझा ने कहा कि कारगिल दियारा के ग्रामीणों की समस्या गंभीर है। प्रशासन को बिना विलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराना चाहिए, ताकि लोगों के घर और बची हुई कृषि भूमि को गंगा में समाने से बचाया जा सके।
मौके पर शिव दयाल सिंह, अवधेश मंडल, विवेक महतो, हीरालाल महतो, राम प्रसाद महतो, गोपाल महतो और काशीनाथ ठाकुर समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।



