कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से किया संवाद, शिक्षा और सुविधाओं की ली जानकारी
साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय, पोखरिया का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुविधाओं और विद्यालय की आधारभूत संरचना का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति पंजी, कक्षाओं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।
छात्राओं के साथ किया मध्यान्ह भोजन

उपायुक्त ने विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में पहुंचकर छात्राओं से सीधे बातचीत की और उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की। उन्होंने प्रधानाध्यापिका को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा अंडे और फल का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी कक्षाओं में बिजली, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।



