रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में जंगली भालू ने महिला पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद वन विभाग ने मदद की.
रांचीः बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए तालाब गई महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल महिला की पहचान झरिया देवी, पति स्व. रंथू महतो के रूप में हुई है.छाती पर नाखून से किया हमला, जांघ में काटा
बताया गया कि झरिया देवी सुबह शौच के लिए तालाब की ओर गयी थीं. इसी दौरान जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया. भालू ने महिला की छाती को नाखूनों से नोच दिया और जांघ में काट लिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. परिजनों ने तत्काल महिला को सीएचसी बेड़ो पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया.
वन विभाग ने उपचार के लिए दी 5 हजार रुपये की सहायता
घटना की सूचना मिलने पर वन क्षेत्र पदाधिकारी गायत्री देवी के निर्देश पर वनरक्षी सुभाष चंद्र प्रमाणिक, इंद्रजीत कुमार और रवि शंकर महली अस्पताल पहुंचे. वन विभाग के कर्मियों ने घायल महिला के परिजनों को तत्काल उपचार के लिए 5 हजार रुपये नकद सहायता दी.



