बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने बिगाड़ी किसानों की मेहनत, धान की फसल में अंकुरण-सड़न का खतरा बढ़ा, नुकसान की आशंका से किसान परेशान।
बरहेट.चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने साहिबगंज जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है. जिले के सभी प्रखंडों में खेतों में पककर तैयार खड़ी और कटाई के बाद रखी धान की फसल बारिश की भेंट चढ़ती दिख रही है. लगातार नमी और खेतों में जलभराव के कारण अब धान के दानों में अंकुरण, फफूंद लगने और फसल सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है.
कहीं खेतों में बिछी धान की बालियां, कहीं खलिहान में भीगी उपज
जिले के बरहेट, बोरियो, मंडरो, पतना, उधवा, राजमहल, तालझारी और साहिबगंज सदर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने खेती-किसानी की रफ्तार रोक दी है. हल्की तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर धान की पकी बालियां खेतों में ही बिछ गयी हैं. वहीं खेतों में पानी और कीचड़ जमा होने से कटाई का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
जिन किसानों ने बारिश से पहले धान की कटाई कर ली थी और फसल को सुखाने के लिए खेतों या खलिहानों में छोड़ दिया था, उनकी उपज भी भीग गयी है. ऐसे में किसानों के सामने अब फसल को सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी है.
एक-दो दिन धूप नहीं निकली तो अंकुरित हो सकते हैं धान के दाने
स्थानीय किसानों का कहना है कि पकी हुई धान की फसल पर लगातार बारिश का पानी पड़ने से दानों का रंग काला पड़ने और नमी के कारण कीड़े लगने की आशंका है. यदि अगले एक-दो दिनों में तेज धूप नहीं निकली, तो खेतों में गिरे धान के दानों में अंकुरण शुरू हो सकता है. इससे फसल पूरी तरह बर्बाद होने का खतरा है.
धान खराब हुआ तो कर्ज चुकाने से लेकर अगली खेती तक पर पड़ेगा असर
किसानों की चिंता सिर्फ मौजूदा धान की फसल तक सीमित नहीं है. फसल खराब होने से उनके सामने सालभर के खाने के अनाज का संकट खड़ा हो सकता है. वहीं धान बेचकर कर्ज चुकाने और अगली रबी फसल की तैयारी करने की योजनाएं भी प्रभावित होने की आशंका है. किसानों को गेहूं, सरसों और चना की बुवाई की चिंता भी सताने लगी है.
बेमौसम बारिश ने ऐसे समय में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जब खेतों में धान की कटाई और उपज को सुरक्षित रखने का काम चल रहा था.



