रिम्स से होमगार्ड जवानों को हटाने के विरोध में झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख करने का निर्णय लिया है. जवानों के अधिकारों के लिए संघर्ष की घोषणा.
रांची : रिम्स से होमगार्ड जवानों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख करने का निर्णय लिया है. सोमवार को रिम्स स्थित होमगार्ड बैरक में प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गयी.
एसोसिएशन के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर रिम्स से होमगार्ड जवानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है. संगठन ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जवान लंबे समय से रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने का निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रिम्स प्रबंधन और स्वास्थ्य मंत्री की ओर से की जा रही कार्रवाई के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी. एसोसिएशन के मुताबिक, याचिका में जवानों के हितों के साथ पूर्व में लिये गये सरकारी निर्णयों और लागू आदेशों का हवाला दिया जाएगा. संगठन का कहना है कि इस मामले में न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी, ताकि जवानों के हितों की रक्षा हो सके.
2021 की सहमति का दिया हवाला
एसोसिएशन ने वर्ष 2021 में सरकार के साथ हुई वार्ता का भी हवाला दिया. संगठन के अनुसार, उस समय हुए आंदोलन के बाद सरकार के साथ सहमति बनी थी कि झारखंड सरकार के अधीन विभिन्न विभागों में सुरक्षा संबंधी कार्य होमगार्ड जवानों से लिया जाएगा. एसोसिएशन का दावा है कि इस संबंध में सरकार की ओर से आदेश भी जारी किया गया था. संगठन ने इसी पूर्व सहमति और आदेश के आधार पर रिम्स से जवानों को हटाने की कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की है.
राज्यव्यापी बैठक के बाद आंदोलन की घोषणा
बैठक में पूरे झारखंड के होमगार्ड जवानों की बड़ी बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी. एसोसिएशन के अनुसार, इस बैठक में राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी.
संगठन ने कहा कि यदि रिम्स से होमगार्ड जवानों को हटाने की कार्रवाई पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की जाएगी. एसोसिएशन ने इसे केवल रिम्स में तैनात जवानों का मुद्दा नहीं बताते हुए राज्य के अन्य विभागों में कार्यरत होमगार्ड जवानों के कार्य अवसरों और हितों से भी जुड़ा विषय बताया.
बैठक में कई जिलों के पदाधिकारी शामिल
बैठक में चाईबासा जिला अध्यक्ष चरण चातर, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष प्रकाश पूर्ति, चतरा जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार समेत बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान मौजूद रहे. बैठक में जवानों ने संगठन के नेतृत्व में अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कानूनी एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की बात कही.



