मंगलहाट के तीन गांवों में 60 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है. ट्रांसफार्मर जलने से पेयजल संकट गहराया और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई है.
मंगलहाट. राजमहल प्रखंड के मंगलहाट के निकट स्थित गढ़तलाब, टिकाटोला और नयाबस्ती गांव में पिछले 60 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. ढाई दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.
जोरदार आवाज के साथ जला ट्रांसफार्मर
ग्रामीण सुलेखा देवी, उत्तम सरकार, बलराम मंडल, रामू रविदास और तपन मंडल ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर अचानक जोरदार आवाज के साथ जल गया. इससे तीनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. सोमवार सुबह विद्युत विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी दी. हालांकि, इसके बाद विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गयी.
पानी के लिए परेशान ग्रामीण, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
बिजली गुल रहने से तीनों गांवों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बिजली के अभाव में पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. शाम होते ही गांवों में अंधेरा छा जाता है. छात्र-छात्राएं मोमबत्ती और लालटेन की रोशनी में पढ़ाई करने को विवश हैं.
गरीब परिवार अब भी अंधेरे में
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ साधन संपन्न लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे ट्रांसफार्मर से तार जोड़कर अपने घरों में बिजली चालू कर ली है. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवार अब भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.
जल्द बिजली बहाल करने का आश्वासन
इस संबंध में राजमहल विद्युत विभाग के एसडीओ ज्ञान चांद ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर लगाकर गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.



