गर्भावस्था में सिजेरियन स्कार एक्टोपिक प्रेगनेंसी और प्लेसेंटा एक्रीटा की जटिलता को डॉ. अपेक्षा साहू ने सफलतापूर्वक संभाला. गर्भाशय निकालने की नौबत आने से महिला को बचाया गया.
रांची. गर्भावस्था के एक बेहद जटिल मामले में डॉ. अपेक्षा साहू ने महिला का गर्भाशय निकालने की नौबत आने से बचा लिया. 32 वर्षीय महिला के गर्भ में पुराने सिजेरियन ऑपरेशन के निशान पर गर्भ विकसित हो गया था. साथ ही प्लेसेंटा के गर्भाशय की दीवार से असामान्य रूप से चिपके होने (प्लेसेंटा एक्रीटा) की गंभीर जटिलता भी थी. स्थिति इतनी संवेदनशील थी कि गर्भाशय की मांसपेशियों की बची हुई दीवार की मोटाई महज 3 मिलीमीटर थी. कई चिकित्सकों ने महिला को गर्भाशय निकलवाने (हिस्टेरेक्टॉमी) की सलाह दी थी. लेकिन डॉ. अपेक्षा साहू ने जटिल प्रक्रिया के जरिये गर्भाशय को सुरक्षित रखने में सफलता हासिल की.
दो सिजेरियन के बाद सामने आयी गंभीर जटिलता
महिला करीब आठ सप्ताह की गर्भावस्था में दूसरी राय लेने डॉ. अपेक्षा साहू के पास पहुंची थी. महिला की पहले दो बार सिजेरियन डिलीवरी हो चुकी थी. जांच में पता चला कि इस बार गर्भ पुराने सिजेरियन ऑपरेशन के निशान (सीजेरियन स्कार निच) में विकसित हो रहा था. इसके साथ ही प्लेसेंटा के गर्भाशय की दीवार में असामान्य रूप से चिपके होने की आशंका भी सामने आयी. चिकित्सकीय भाषा में इसे सीजेरियन स्कार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी के साथ प्लेसेंटा एक्रीटा स्पेक्ट्रम की जटिलता कहा जाता है.
अत्यधिक रक्तस्राव का था खतरा
इस तरह की स्थिति में अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चिकित्सकीय जटिलताओं का खतरा रहता है. कई मामलों में मरीज की जान बचाने के लिए गर्भाशय निकालने तक की नौबत आ सकती है. इस महिला के मामले में गर्भाशय की मांसपेशियों की बची हुई दीवार महज तीन मिलीमीटर थी. ऐसे में उपचार का फैसला बेहद चुनौतीपूर्ण था.
अल्ट्रासाउंड की मदद से की गयी प्रक्रिया
मामले की विस्तृत जांच और जोखिमों का आकलन करने के बाद डॉ. अपेक्षा साहू ने गर्भाशय को सुरक्षित रखने की योजना बनायी. उन्होंने स्वयं अल्ट्रासाउंड गाइडेड सक्शन इवैक्यूएशन की प्रक्रिया की. यह प्रक्रिया बिना किसी तत्काल जटिलता के सफलतापूर्वक पूरी हुई. इस तरह महिला का गर्भाशय निकालने की जरूरत नहीं पड़ी.
डॉ. अपेक्षा साहू ने बताया कि सीजेरियन स्कार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी और प्लेसेंटा एक्रीटा का एक साथ होना बेहद जोखिमपूर्ण स्थिति है. ऐसे मामलों में प्रत्येक मरीज की स्थिति का अलग-अलग आकलन करना जरूरी है. उचित परिस्थितियों में गर्भाशय संरक्षण का विकल्प अपनाया जा सकता है, लेकिन मरीज की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है.
रांची में सामने आया यह मामला जटिल स्त्री एवं प्रसूति रोगों के प्रबंधन में गर्भाशय संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है.



