मंडरो-मिर्जाचौकी में तेज रफ्तार बाइक और मॉडिफाइड साइलेंसर से लोगों को हो रही परेशानी. प्रशासन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करेगा सख्त कार्रवाई. सुरक्षा का रखें ध्यान.
मंडरो. मंडरो और मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बाजारों एवं सड़कों पर तेज रफ्तार से बाइक चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालकों को अब सतर्क रहने की जरूरत है. ऐसे बाइक चालकों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में दूसरे लोग घायल हो रहे हैं, वहीं कई मामलों में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है.
तेज आवाज वाले साइलेंसर से राहगीर और दुकानदार परेशान
स्थानीय बाजारों में अक्सर कुछ बाइक चालक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर गुजरते हैं. अचानक होने वाली तेज आवाज से राहगीरों, दुकानदारों, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी होती है. वहीं, तेज गति से बाइक चलाने के कारण सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है.
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर बढ़ी चिंता
पिछले दिनों क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है. ऐसे में प्रशासन की ओर से तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों पर निगरानी रखी जा रही है. बाइक चालकों को चेतावनी दी जा रही है कि बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेज गति से वाहन न चलाएं और अनावश्यक रूप से तेज आवाज वाले साइलेंसर का इस्तेमाल न करें.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हो सकती है कार्रवाई
प्रशासन की ओर से बाइक चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी जा रही है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी दूसरे परिवार के लिए बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है.
अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी रखें ख्याल
बाइक चलाते समय प्रत्येक चालक को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी का भी ध्यान रखना चाहिए. खासकर बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियंत्रित गति से वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है.



