—— फादर अरुल डौस ने किया उद्घाटन, बोले- बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की मांग; जल्द शुरू होगी ई-लाइब्रेरी
साहिबगंज: बदलते दौर में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में संत जेवियर स्कूल साहिबगंज ने एक और पहल की है। स्कूल परिसर में जूनियर सेक्शन के विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटर उपकरणों से लैस तीसरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब की शुरुआत की गई। प्रिंसिपल फादर अरुल डौस एवं अन्य अतिथियों ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही आधुनिक तकनीक की जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।
अब जूनियर बच्चे भी सीखेंगे एआई की बारीकियां
उद्घाटन के दौरान फादर अरुल डौस ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, उद्योग और संचार सहित लगभग हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों को शुरुआती कक्षाओं से ही एआई की जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्कूल में पहले से प्राइमरी और हायर सेक्शन के विद्यार्थियों के लिए दो अलग-अलग एआई लैब संचालित हैं। अब जूनियर सेक्शन के लिए तीसरे लैब की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।
जल्द शुरू होगी ई-लाइब्रेरी, नीट अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ
स्कूल की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रिंसिपल ने बताया कि इस वर्ष के अंत तक ई-लाइब्रेरी शुरू करने की तैयारी है। इसकी निर्माण प्रक्रिया जोधपुर से संचालित की जा रही है। इसमें स्कूल के विद्यार्थियों के अलावा अन्य इच्छुक छात्र-छात्राओं को भी अध्ययन की सुविधा देने का प्रयास होगा। विशेष रूप से नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन पढ़ाई के साथ खेलकूद की सुविधाओं और आधारभूत संरचना का भी विस्तार कर रहा है। भविष्य में डिग्री स्तर तक की पढ़ाई शुरू करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना स्कूल की प्राथमिकता है।



