बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत लालमाटी स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में अज्ञात चोरों ने छत का अल्बेस्टर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीएसपी संचालक मोहम्मद मुफक्किर आलम, निवासी सिरासीन, ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब वे अपने सीएसपी केंद्र पहुंचे तो बैंकिंग मॉनिटर और सीसीटीवी कैमरे का मॉनिटर अपनी जगह से गायब मिला। वहीं, छत पर लगे अल्बेस्टर भी टूटे हुए थे।
जांच के दौरान संचालक ने पाया कि चोरों ने छत के रास्ते केंद्र में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। लॉकर की जांच करने पर करीब पांच हजार रुपये नकद तथा 10 रुपये के सिक्कों के रूप में रखी लगभग 37 हजार रुपये की राशि गायब मिली। इस तरह चोर करीब 42 हजार रुपये की नकदी के साथ अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।



