हाइवा चालक व खलासी से मारपीट का आरोप, एक युवक हिरासत में; जीआरपी कर रही मामले की जांच
तीनपहाड़/साहिबगंज। तीनपहाड़ अप रैक लोडिंग साइड पर गुरुवार देर रात हाइवा चालक व खलासी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। मामले को लेकर हाइवा के खलासी मंगलहाट थाना क्षेत्र के राजमहल निवासी अमित कुमार यादव ने बरहरवा रेल जीआरपी थाना में लिखित आवेदन दिया है।
आवेदन में अमित कुमार यादव ने बताया कि वह अपने पिता साधन यादव के साथ बेकचुरी स्थित एक क्रशर में हाइवा चलाने का काम करते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार देर रात वे बेकचुरी क्रशर से गिट्टी लोड कर तीनपहाड़ रैक प्वाइंट पर खाली करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से 15 से 20 अज्ञात लोग मौजूद थे। इसी दौरान बाबूपुर, थाना तीनपहाड़ निवासी राधे कुमार, पिता राजेश महतो के साथ अन्य लोगों ने अचानक रॉड, लाठी और लोहे की वस्तुओं से हमला कर दिया। मारपीट में अमित के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसका मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
शोर सुनकर अमित के पिता साधन यादव मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही मारपीट कर रहे लोग वहां से भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने राधे कुमार को पकड़ लिया और थाना ले आई।
घायल हाइवा चालक व खलासी को बेहतर इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।
क्या कहते हैं तीनपहाड़ थाना प्रभारी:
थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि घटनास्थल बरहरवा रेल जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसलिए मामले में आगे की कार्रवाई बरहरवा रेल जीआरपी पुलिस द्वारा की जाएगी।
क्या कहते हैं बरहरवा जीआरपी थाना प्रभारी:
जीआरपी थाना प्रभारी आरएस प्रसाद ने बताया कि मामले को लेकर पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



