रैक लोडिंग प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन और रेलवे साइडिंग की व्यवस्थाओं का मंगलवार को रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकुल कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैक लोडिंग की पूरी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए माल लोडिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा मानकों की भी हुई जांच:
निरीक्षण के क्रम में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, कर्मचारियों की सुरक्षा, रैक लोडिंग की प्रक्रिया, परिचालन व्यवस्था तथा साइडिंग की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यात्री सुविधाओं को बेहतर रखने पर जोर:
स्टेशन परिसर में उन्होंने साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म, पेयजल, रोशनी, बैठने की व्यवस्था, यात्री आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन सुपरिटेंडेंट निरंजन भगत, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार समेत रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



