बरहेट/साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर कदमा गांव के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार पोल्ट्री पिकअप वैन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी निकूलश हसदा (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसी गांव के जिनसे टुडू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से महेशपुर की ओर से बोरियो-मंडरो सड़क की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कदमा के पास विपरीत दिशा से आ रही पोल्ट्री पिकअप वैन ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल जिनसे टुडू को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को थाना ले गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



