बोरियो सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर
बोरियो। संवाददाता। बोरियो संथाली के मोमिन टोला निवासी 12 वर्षीय मोहम्मद साहिल अंसारी, पिता मुजाहिद अंसारी, बुधवार शाम खेत में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। घटना करीब शाम 4:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार साहिल किसी काम से खेत की ओर गया था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
सीएचसी में चिकित्सकों ने किशोर का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।



