सावन की अंतिम सोमवारी पर सिंहवाड़ा के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. बटेश्वरनाथ धाम में भक्तों ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना.
प्रतिनिधि, सिंहवाड़ा. सावन माह की अंतिम सोमवारी पर सिंहवाड़ा हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा. अहले सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचने लगे. बटेश्वरनाथ धाम सहित माधोपुर, कोरा, सढ़वाड़ा, मोहनपुर और भरवाड़ा के शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही.
बटेश्वरनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सिंहवाड़ा स्थित बटेश्वरनाथ धाम में अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. मंदिर परिसर में महादेव के नचारी भजन गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा.
बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.
पुलिस और स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर तथा आसपास पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गयी थी. भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गयी थी और श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गयी.
मेले में भी जुटी भीड़
अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिरों के आसपास जगह-जगह मेले का आयोजन भी किया गया. मेले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही. पूजा-अर्चना के बाद लोग प्रसाद और पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आये. पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा.



