कलश स्थापना का अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:44 से दोपहर 12:31 बजे तक, हाथी पर होगा माता रानी का आगमन
साहिबगंज। शहर सहित पूरे जिले में शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। नवरात्र के शुभारंभ से पूर्व शनिवार को विभिन्न दुर्गा मंदिरों और घरों में महालया पाठ एवं चंडी पाठ का श्रवण किया गया। अहले सुबह चार बजे से ही मंदिरों में साउंड सिस्टम के माध्यम से महालया पाठ गूंजने लगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महालया के दिन मां दुर्गा महिषासुर का वध करने के लिए कैलाश से पृथ्वी की ओर प्रस्थान करती हैं। इस दिन वीरेंद्र कृष्ण भद्र की आवाज में महिषासुरमर्दिनी चंडी पाठ सुनने की परंपरा है, जो वर्ष 1931 से दुर्गा पूजा के आगमन का प्रतीक बना हुआ है।
रविवार को नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके लिए मंदिरों और घरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलश स्थापना का अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक बताया गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस वर्ष माता रानी का आगमन हाथी पर होगा, जिसे सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है। नवरात्र को लेकर जिले में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।



