प्रखंड प्रमुख शीला देवी की पहल पर उठाया गया मुद्दा, फरक्का एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
साहिबगंज: मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन का दर्जा देने और फरक्का एक्सप्रेस के ठहराव की मांग अब तेज हो गई है। मंडरो प्रखंड प्रमुख शीला देवी की ओर से उठाई गई इस मांग को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। 10 अक्टूबर को लिखे पत्र में उन्होंने मिर्जाचौकी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित मिर्जाचौकी स्टेशन पर्यटन और औद्योगिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। आसपास प्रसिद्ध फॉसिल्स पार्क, भगैया सिल्क उद्योग, पत्थर कारोबार और सिमरतल्ला झील जैसे प्रमुख स्थल हैं। यहां पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय यात्रियों का आवागमन होता है।
इसके बावजूद सीमित ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को परेशानी होती है। बाबूलाल मरांडी ने फरक्का एक्सप्रेस (15733/34 एवं 15743/44) का ठहराव सुनिश्चित करने और स्टेशन को मॉडल स्टेशन का दर्जा देने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस पहल से रेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। अब रेलवे के निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हैं।



