वृंदावन के कथावाचक प्रदीप कृष्ण शास्त्री महाराज ने बताया भागवत कथा का महत्व
उधवा। प्रखंड के उत्तर बेगमगंज स्थित श्री मां दुर्गा मंदिर परिसर में बुधवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष धनंजय मंडल एवं मुखिया प्रतिनिधि शिवपति मंडल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। पुष्प वर्षा और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कथा के प्रथम दिन वृंदावन से पहुंचे कथावाचक प्रदीप कृष्ण शास्त्री महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा बताते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को सही मार्ग पर चलने और आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
कर्ण युवा क्लब के सचिव प्रशांत मंडल ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम छह बजे से रात दस बजे तक आयोजित होगी। मौके पर क्लब अध्यक्ष कमल स्वर्णकार, उपाध्यक्ष अमित कर्मकार, सत्यम गुप्ता, धर्मवीर मंडल, सुमन प्रमाणिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Displaying



