साहिबगंज महाविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय के नंदन भवन में गुरुवार को एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जम्मू-कश्मीर में तैनात भारतीय सेना के कैप्टन सागर सिंह ने छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता ही सफलता की जननी है। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा साझा करते हुए रक्षा क्षेत्र सहित विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। बिहार के पीरपैंती प्रखंड के बसंतपुर निवासी समाजसेवी अनिल कुमार सिंह के पुत्र कैप्टन सागर ने गुजरात के बालाचड़ी सैनिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के माध्यम से सेना में चयनित होने तक का सफर बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कैप्टन सागर और उनके पिता को शॉल एवं पौधा देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करियर से जुड़े सवाल पूछे। मंच संचालन डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. नितिन कुमार घोष ने किया।



