खाद्य सुरक्षा, पोषण आहार और जन शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर दिया जोर
साहिबगंज: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष-सह-सदस्या शबनम परवीन की अध्यक्षता में साहिबगंज परिसदन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं जन शिकायतों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन कर 15 दिनों के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी, विद्यालय, कुपोषण उपचार केंद्र और राशन दुकानों का किया निरीक्षण:

बैठक से पूर्व शबनम परवीन ने राजमहल प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर पूरक पोषण आहार, स्वच्छता, अभिलेख संधारण एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की जांच की। इसके बाद उन्होंने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का जायजा लिया। सदर अस्पताल स्थित कुपोषण उपचार केंद्र तथा जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करते हुए लाभुकों को समय पर सही मात्रा में अनाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पहुंचना चाहिए। बैठक में अपर उपायुक्त विजय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




