साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने 31 अगस्त को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची के संथाल परगना प्रमंडल उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन रांची स्थित फेडरेशन के कार्यालय में दोपहर दो बजे किया गया। संथाल परगना प्रमंडल में देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज समेत छह जिले शामिल हैं। इन जिलों में कुल 11 चैंबर सक्रिय हैं।
व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का संकल्प
नामांकन के बाद राजेश अग्रवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि संथाल परगना के व्यापारियों और उद्यमियों की एकता, सम्मान एवं विकास के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की व्यापारिक समस्याओं को फेडरेशन के समक्ष मजबूती से उठाने तथा सभी जिलों को साथ लेकर व्यापार को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन की एकता को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने सभी चैंबरों के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, साधारण सदस्यों एवं लाइफ मेंबर्स से सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य एक परिवार की तरह हैं और संगठन की मजबूती ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी सौहार्द और सामूहिक निर्णय से संथाल परगना का गौरव और व्यापारिक गतिविधियां आगे बढ़ेंगी।




