डेढ़ महीने पहले रोजगार के लिए गया था मुंबई, घर लौटने से पहले ही रास्ते में हुई दर्दनाक मौत
उधवा। जिले के राधानगर थाना अंतर्गत दक्षिण बेगमगंज पंचायत के गियास टोला गांव निवासी 35 वर्षीय नसीम शेख की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के अनुसार नसीम शेख लगभग डेढ़ महीने पूर्व अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी करने मुंबई गए थे। वहां काम पूरा होने के बाद वे 2 अगस्त को घर लौटने के लिए रवाना हुए। मुंबई से सियालदह पहुंचने के बाद बुधवार की सुबह लालगोला पैसेंजर ट्रेन से अपने घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दमदम रेलवे स्टेशन के समीप किसी कारणवश चलती ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।बताया जाता है कि उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य लोगों ने जब काफी देर तक नसीम शेख को नहीं देखा तो उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद साथी घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक नसीम शेख दम तोड़ चुके थे।घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर जैसे ही गांव में घटना की खबर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार नसीम शेख परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। वे अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे पुत्रों को छोड़ गए हैं।




