आर्थोपेडिक और जनरल सर्जन की नियुक्ति के लिए सिविल सर्जन ने भागलपुर में चिकित्सकों से की मुलाकात
साहिबगंज। जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू की है। इसी क्रम में 1 नवंबर को सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल के चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार भागलपुर पहुंचे। वहां उन्होंने आर्थोपेडिक सर्जन और जनरल सर्जन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से मुलाकात कर साहिबगंज में अपनी सेवाएं देने का आग्रह किया।
मरीजों को जिले में ही मिलेगा विशेषज्ञ उपचार :
सिविल सर्जन ने चिकित्सकों को बताया कि जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। उन्होंने चिकित्सकों से साहिबगंज आकर सेवा देने की अपील की।
इस पहल का उद्देश्य सदर अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।



