एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान
बरहरवा/साहिबगंज : रांची के ठाकुर विश्वनाथ सहदेव इनडोर स्टेडियम में 20 से 25 नवंबर तक आयोजित स्मिता झारखंड राज्य स्तरीय वूशु चैंपियनशिप में साहिबगंज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक जीते। खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए।
सुषमा कुमारी ने 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। लुखी कुमारी, सुप्रिया कुमारी और मीनू कुमारी ने क्रमशः 48, 56 और 52 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं शिवानी, सोनाली, राधिका, पूनम और ब्यूटी मालतो ने कांस्य पदक जीते।
जिला वूशु संघ के सचिव सह प्रशिक्षक मृत्युंजय राय, सरताज और ललन कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बरहरवा पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे और जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी।



