न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प
साहिबगंज : संविधान दिवस पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सुभाष ने सामूहिक रूप से प्रस्तावना का पाठ कराया।
उन्होंने कहा कि संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार सुनिश्चित करता है। सभी को इन मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा से दायित्व निभाने का संकल्प लिया। जिले के विभिन्न प्रखंडों और विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।



